डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती पर भीलवाड़ा में आयोजन, वक्ताओं ने संविधान और सामाजिक एकता पर दिया जोर

भीलवाड़ा समाचार 
भीलवाड़ा( महेन्द्र नागौरी) डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद द्वारा महेश छात्रावास में आयोजित कार्यक्रम में बाबा साहब के विचारों और संविधान मूल्यों को लेकर सार्थक चर्चा हुई।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता राजेश जीनगर ने युवाओं से बाबा साहब के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए उनके शोध, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने समाज को एकजुट करने और समानता स्थापित करने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए।
विशिष्ट अतिथि दीपक सेन ने संघ के शताब्दी वर्ष के संदर्भ में पंच परिवर्तन, सामाजिक समरसता और स्वसंस्कारों को अपनाने पर जोर दिया। अन्य वक्ताओं रामेश्वर लाल विजयवर्गीय, शिव कुमार शर्मा और राजेश सामरिया ने बाबा साहब के जीवन संघर्ष, शिक्षा और संविधान निर्माण में उनके योगदान को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में श्यामलाल वेद, धर्मवीर सिंह कानावत और सुनील जैन ने भी अपने विचार व्यक्त किए, वहीं गजेंद्र सिंह कानावत ने काव्य प्रस्तुति देकर माहौल को भावनात्मक बना दिया।
इस दौरान अधिवक्ता परिषद अध्यक्ष रतनलाल जाट, महासचिव राकेश जैन, सुरेश सुवालका, आदित्य नारायण जाजपुरा, पीरू सिंह गौड़, रघुनंदन सिंह कानावत, राजेंद्र कचोलिया, युवराज चंदेल, दुर्गेश शर्मा, राघवेंद्र नाथ सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन राकेश जैन ने किया तथा अंत में सभी ने बाबा साहब के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।